रायपुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में राजिम कुंभ कल्प-2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी मूलभूत व्यवस्थाएं गुणवत्ता के साथ समय पर पूरी की जाएं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री श्री अग्रवाल ने पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, बिजली और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने मेला क्षेत्र के प्रवेश मार्गों की मरम्मत, नियमित साफ-सफाई, अस्थायी शौचालयों की स्थापना और चिकित्सा शिविरों की समयबद्ध तैयारी के निर्देश दिए। भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक कंट्रोल और आपात स्थितियों से निपटने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के उपरांत मंत्री ने राजिम मेला स्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम तथा पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, मोबाइल मेडिकल यूनिट और प्राथमिक उपचार केंद्रों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

मंत्री श्री अग्रवाल ने बताया कि 1 से 15 फरवरी तक गरियाबंद जिले के त्रिवेणी संगम पर आयोजित होने वाला यह विशाल धार्मिक आयोजन गरिमा, दिव्यता और भव्यता के साथ संपन्न किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।







