बीजापुर। नववर्ष के शुभ अवसर पर बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी के द्वारा एक भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर के पत्रकार साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक ने सभी पत्रकारों का सम्मान कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं तथा विशेष रूप से भोपालपटनम क्षेत्र के पत्रकारों को भी शुभेच्छाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार ताटी नारायण को उनके लंबे और सराहनीय पत्रकारिता योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं नई दुनिया के वरिष्ठ पत्रकार अयूब खान की पत्नी के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर विधायक विक्रम शाह मंडावी ने मंच से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए संवेदना व्यक्त की।

समारोह में युवा पत्रकार गणेश मिश्रा एवं पवन दुर्गम ने अपने संबोधन में विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकार अनेक कठिनाइयों और चुनौतियों के बावजूद जनता के हित में कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे आरोप हों या प्रत्यारोप, पत्रकार निष्पक्षता के साथ कलम चलाकर जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का दायित्व निभाते हैं।
विधायक विक्रम शाह मंडावी ने अपने उद्बोधन में कहा कि बीजापुर के पत्रकारों की कार्यशैली और निष्पक्ष पत्रकारिता की सराहना न केवल बस्तर संभाग में बल्कि पूरे राज्य में की जाती है। उन्होंने पत्रकारों को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए समाज और शासन के बीच सेतु की भूमिका निभाने वाला बताया।

इस दौरान नवभारत बीजापुर के ब्यूरो चीफ गौतम राव के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। विधायक विक्रम शाह मंडावी के साथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष लालू राठौर, शंकर कुडेम, कमलेश कारम, मनोज अवलम, पुरुषोत्तम खत्री, ज्योति, राजेश जैन सहित कई कांग्रेस नेता एवं पत्रकार साथियों ने गौतम राव को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, सम्मान और सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।इस आयोजन में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं अतिथियों ने दिवंगत पत्रकार मुकेश चंद्राकर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी कमी को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय बताते हुए सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें नमन किया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि मुकेश चंद्राकर ने निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य किया, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा।







