बीजापुर।बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरचोली में माओवादियों द्वारा आमजन को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए प्रेशर IED के विस्फोट में एक नाबालिग ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना 05 जनवरी 2026 की सुबह की बताई जा रही है। ग्राम कोरचोली नदीपारा निवासी राम पोटाम पिता स्वर्गीय लच्छु पोटाम, उम्र लगभग 15 वर्ष, सुबह के समय लेंड्रा–कोरचोली जंगल क्षेत्र की ओर गया हुआ था। इसी दौरान वह जंगल में पूर्व से लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ और उसके पैर में गंभीर चोट आई।
घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बल तत्काल हरकत में आए। घायल ग्रामीण को प्राथमिक उपचार के लिए 222 बटालियन केरिपु के कोरचोली कैंप लाया गया, जहां चिकित्सकीय टीम द्वारा प्राथमिक इलाज किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घायल को बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई है। सुरक्षा बलों द्वारा कोरचोली एवं आसपास के जंगलों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही माओवादियों द्वारा लगाए गए अन्य संभावित IED की तलाश एवं उन्हें निष्क्रिय करने की कार्यवाही भी तेज कर दी गई है, ताकि भविष्य में किसी और निर्दोष ग्रामीण को नुकसान न पहुंचे।
पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों ने इस घटना को माओवादियों की कायराना करतूत बताते हुए आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से जंगलों और दुर्गम इलाकों में आवागमन के दौरान सावधानी बरतने, अनजान रास्तों पर न जाने तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु, सामग्री या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैंप को देने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद हैं और माओवादियों के मंसूबों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।







