बीजापुर। जिले की सांस्कृतिक पहचान और आपसी सद्भाव का प्रतीक सद्भावना महोत्सव इस वर्ष भी पूरे उत्साह और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आयोजित होने जा रहा है। 26 एवं 31 जनवरी को प्रस्तावित इस महोत्सव में जिले भर से सैकड़ों प्रतिभागी अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर युवाओं, महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पिछले 20 वर्षों से सद्भावना मंच लगातार जिले की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है। इस मंच से निकलकर कई कलाकारों ने न केवल जिले बल्कि प्रदेश स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है। सद्भावना महोत्सव का उद्देश्य मनोरंजन के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है।

इस महोत्सव के अंतर्गत सारेगामा सुपर सिंगर में सुरों की मिठास सुनाई देगी, वहीं सुपर डांसर प्रतियोगिता में प्रतिभागी अपनी नृत्य प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके साथ ही मिस एवं मिस्टर बीजापुर प्रतियोगिता युवाओं के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा को निखारने का अवसर देगी। वहीं गृहणियों और महिलाओं के लिए आयोजित किचन क्वीन प्रतियोगिता में पाक कला का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष कुल 14 विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे हर वर्ग और उम्र के प्रतिभागियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। महोत्सव के दौरान निर्णायक मंडल द्वारा निष्पक्ष मूल्यांकन कर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
सद्भावना महोत्सव न केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंच है, बल्कि यह जिले की सामाजिक एकता, रचनात्मकता और प्रतिभा को नई पहचान देने का सशक्त माध्यम भी है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार का आयोजन पहले से अधिक भव्य, यादगार और प्रेरणादायक साबित होगा।







