
बीजापुर। बीजापुर जिले के थाना उसूर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम नेलाकांकेर में गुरुवार देर रात माओवादियों ने दो ग्रामीणों की नृशंस हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मृतकों की पहचान रवि कटटम पिता कन्ना (25 वर्ष) और तिरूपति सोढी पिता नरसा (38 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों ग्रामीण स्थानीय निवासी थे और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे थे।पुलिस अधिकारी asp चंद्रकांत गोवर्ना से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात के समय हुई जब दोनों ग्रामीण अपने घरों में मौजूद थे। इसी दौरान माओवादी उनके घर पहुंचे और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद माओवादी वहां से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलने पर थाना उसूर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटना की तस्दीकी की और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारी एएसपी चंद्रकांत गोवर्ना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना माओवादी गतिविधि से जुड़ी हुई प्रतीत होती है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना के बाद से क्षेत्र में सुरक्षा बलों की गश्त बढ़ा दी गई है तथा आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि माओवादियों की ऐसी घटनाएं विकास कार्यों और शांति प्रक्रिया को बाधित करने के उद्देश्य से की जाती हैं, लेकिन शासन और पुलिस प्रशासन ऐसी घटनाओं से पीछे नहीं हटेगा।गांव में इस घटना के बाद शोक और भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों न सुरक्षा बलों से गांव में अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। प्रशासन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि उनकी सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।








