बीजापुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार को एक दिवसीय प्रवास पर बीजापुर पहुंचे। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्र नम्बी सुरक्षा कैम्प का दौरा किया, जहां सुरक्षा बलों से मुलाकात कर क्षेत्र की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान शर्मा ने जवानों से ऑपरेशन ‘तेज’ को लेकर वन टू वन चर्चा की और उन्हें प्रोत्साहित किया।
अपने दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने पुजारी कांकेर में 94.48 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क और रपटा निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा और विकास की नई दिशा मिलेगी।
शर्मा के साथ दंतेवाड़ा विधायक चैतराम आटामी, बस्तर रेंज आईजी पी. सुंदरराज, कमिश्नर डोमन सिंह, कलेक्टर, एसपी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री का यह दौरा सुरक्षा और विकास दोनों ही मोर्चों पर अहम माना जा रहा है।








