अबूझमाड़ में दूषित भोजन से 5 की मौत, भैरमगढ़ में भी ग्रामीण बीमार – स्वास्थ्य विभाग सतर्क

नारायणपुर / बीजापुर। अबूझमाड़ के यामडुंगा कोगोट पारा और घोट पारा गांव में दूषित भोजन खाने से 5 लोगों की मौत और कई ग्रामीणों के बीमार पड़ने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना 21 अक्टूबर 2025 की सुबह की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्रीमती प्रतीक्षा ममगई के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम तत्काल मौके पर पहुँची।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घटनास्थल पर स्वास्थ्य शिविर लगाकर बीमार ग्रामीणों का इलाज शुरू किया। गंभीर रूप से बीमार लोगों को नारायणपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि ग्रामीणों ने दूषित भोजन (संभवतः जीरा बाट 8) का सेवन किया था, जिससे उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएँ उत्पन्न हुईं। भोजन के नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।इधर, बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के उसपरी और किसकल गांव में भी दूषित भोजन से कई ग्रामीण बीमार हुए हैं। बीमारों में एक दूधमुंही बच्चे की माँ पल्लवी परसा शामिल है, जिसे भैरमगढ़ अस्पताल लाया गया। फिलहाल वह खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है।

प्रशासन ने लोगों से भोजन और पेयजल स्वच्छ रखने तथा उबालकर सेवन करने की अपील की है। साथ ही स्वास्थ्य अमला अबूझमाड़ और माड़ क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों में लगातार शिविर लगाकर जांच और उपचार कर रहा है। कलेक्टर ने मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, परंतु सतर्कता बरती जा रही है ताकि बीमारी का फैलाव रोका जा सके। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम अगले कुछ दिनों तक तैनात रहेगी। प्रशासन ने ग्रामीणों से आग्रह किया है कि किसी भी लक्षण के प्रकट होते ही तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें